29 अक्टूबर, 2020
8वीं भारत-मेक्सिको संयुक्त आयोग की बैठक 29 अक्टूबर 2020 को वीडियो-कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक की सह-अध्यक्षता भारत गणराज्य के विदेश मंत्री (ईएएम) डॉ. एस. जयशंकर और संयुक्त मैक्सिकन राज्यों के विदेश मामलों के मंत्री महामहिम मार्सेलो एबरार्ड ने की।
2. द्विपक्षीय संबंधों का जायजा लेते हुए दोनों पक्षों ने हाल के वर्षों में भारत और मैक्सिको के बीच द्विपक्षीय व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों में हुई प्रगति की सराहना की। दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि अपनी-अपनी आर्थिक ताकत, बढ़ती क्षेत्रीय और वैश्विक प्रोफ़ाइल को देखते हुए, भारत और मैक्सिको अपनी 'विशेषाधिकार प्राप्त साझेदारी' को मजबूत करने पर और काम करेंगे।
3. दोनों पक्षों ने कई मुद्दों पर चर्चा की और व्यापार और वाणिज्य, कृषि, स्वास्थ्य, अंतरिक्ष, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, संस्कृति और शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में संबंधों को नई गति देने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने राजनीतिक संवाद को गहरा करने, द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग की समीक्षा करने में संयुक्त आयोग तंत्र के महत्व को भी रेखांकित किया।
4. दोनों पक्ष संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अपने आगामी कार्यकाल का उपयोग बहुपक्षवाद को मजबूत करने और इसे अधिक प्रतिनिधिक और प्रभावी बनाने के लिए करने पर सहमत हुए। दोनों पक्षों ने आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया, विशेष रूप से कोविड के बाद की आर्थिक सुधार योजनाओं के संदर्भ में।
5. कई वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर अपने विचारों की समानता के आधार पर, दोनों पक्ष बहुपक्षीय मंचों पर निकटता से समन्वय करने पर सहमत हुए।
नई दिल्ली।
29 अक्टूबर, 2020

















